सऊदी अरब ने पिछले साल देश में महिला ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की घोषणा के बाद से कई सुधारवादी कदम उठाए हैं। सऊदी अरब में महिलाओं को कार चलाने की आजादी मिलने के बाद अब उनको हथियार चलाने की अनुमति भी मिल जाएगी। दरअसल, अपने यहां सुधारवादी कार्यों को आगे बढ़ाते हुए सऊदी सरकार ने सेना में महिलाओं की भर्ती को हरी झंडी दिखा दी है। सरकारी ताजा फरमान के अनुसार अब महिलाएं सैन्य अफसर बन सकेंगी। सऊदी मीडिया के अनुसार रविवार को जन सुरक्षा निदेशालय की ओर से यह भर्ती खोल दी गई। रिपोर्ट के अनुसार इन महिलाओं को मदीना, मक्का, रियाद, अल-बहा व कासिम आदि जगहों पर तैनात किया जाएगा। सऊदी अरब में ये सारे सामाजिक सुधार क्राउन प्रिंस मोहम्मद सलमान के नेतृत्व में हो रहे हैं। महिलाओं की सेना में नियुक्ति के लिए उनका 25 से 35 साल के बीच सऊदी का मूल निवासी होना जरूरी होगा। सैन्य सेवाओं के लिए महिलाओं की शैक्षिक योग्यता हाई स्कूल डिप्लोमा निर्धारित की गई है। हालांकि सऊदी शूरा काउंसिल ने सुझाव दिया था कि महिलाओं के लिए साल में तीन माह सेना में नौकरी अनिवार्य कर दी जाए, लेकिन इस पर काउंसिल में मतभेद उभर आए और इस पर सुधार के बाद नौकरी का प्रस्ताव लाया गया।
सऊदी अरब में अब सेना का हिस्सा बन सकेंगी महिलाएं
