वैशाली: भोजपुरी सुपरस्टार कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने कुर्सियां भी चलाई और इस भोजपुरी एक्टर की गाड़ी को भी निशाना बनाया। घटना जिले के बिदुपुर की है।
कार्यक्रम करने पहुंचे खेसारी लाल यादव ने जैसे ही भक्ति गीतों से कार्यक्रम की शुरुआत की उसी दौरान हंगामा शुरू हो गया। एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम के दौरान बेकाबू भीड़ उग्र गई और जमकर तोड़फोड़ करते हुए कुर्सियां फेंकना शुरू कर दी। हंगामे के बाद दर्शक और बेकाबू हो गए और पत्थरबाजी करना शुरू कर दिया। यही नहीं बेकाबू भीड़ ने खेसारी लाल के वाहन पर भी पत्थरबाजी की जिसके बाद कार्यक्रम को बंद करना पड़ा। हंगामे के कारण कार्यक्रम की व्यवस्था सही ढंग से न होना बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कार्यक्रम में अत्याधिक भीड़ जमा हो गई थी लेकिन उसे नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से माकूल व्यवस्था नहीं की गई थी।
दर्शक दीर्घा में बैठे लोग कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ने लगे और डांस करने लगे जिसको लेकर हंगामा हुआ। लोगों के मंच पर चढ़ने को लेकर खेसारी लाल यादव जैसे ही नीचे उतरे वैसे ही लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा मचाना शुरू कर दिया लोगों का कहना है कि वह टिकट खरीदकर कार्यक्रम देखने आए थे लेकिन हम हंगामे के कारण उन्हें निराशा हाथ लगी।
