लातेहार :- आम की खेती अर्थोपार्जन में सहायक -डीडीसी माधवी मिश्रा

लातेहार :-  मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा मुंडा बागवानी योजना से सबंधित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त सुश्री माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में की गई।

 लोग आम का उत्पादन कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकते हैं

कार्यशाला में उपस्थित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लातेहार की जलवायु और यहाँ की मिट्टी आम बागवानी के लिए अनुकूल है।  साथ ही आम जैसे फलों की मांग यहां के बाजारों में बहुत ज्यादा है।  लोग आम का उत्पादन कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकते हैं।  आम की ढुलाई और भंडारण काफी आसान है,  जिससे किसानों को बहुत जोखिम उठाना नहीं पड़ता है।  उन्होंने कहा कि आम की खेती से मृदा क्षरण में भी कमी आती है,  जिससे कारण प्रकृति में संतुलन बैठाने में यह काफी सहायक है।

उप विकास आयुक्त सुश्री मिश्रा ने सभी प्रखंड के विकास पदाधिकारियों को इस खेती को बढ़ावा देने का निदेश दिया साथ ही कहा कि वे किसानों एवं सखी मण्डल को इस खेती से जोड़ें।उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य मे मजदूरी भुगतान में विलंब कतई बर्दाश्त नही की जाएगी।