लखनऊ – ग्लैमर और राजनीति का घालमेल, सोनाक्षी ने किया पुनम सिन्हा के लिए “रोड शो”

उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ से सपा-बसपा गठबंधन की प्रत्याशी पूनम सिन्हा के समर्थन में प्रचार करने के लिए उनकी बेटी और फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने रोड शो किया। पूनम लखनऊ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार हैं। रोड शो में सोनाक्षी के साथ उनके भाई कुश सिन्हा, मां पूनम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी व कन्नौज से सांसद डिंपल यादव भी शामिल हुईं।

ग्लैमर और राजनीति के घालमेल वाला यह रोड शो धीरे-धीरे जब मुस्लिम बहुल पुराने लखनऊ में पहुंचा तो लोगों में काफी उत्साह देखा गया। सोनाक्षी के रथ के साथ हजारों की संख्या में समाजवादियों का हुजूम चल रहा था।

 

रोड शो हजरतगंज चौराहे से मेफेयर सिनेमा से होते हुए नावेल्टी सिनेमा, लालबाग, कैसरबाग चौराहा, कैसरबाग बसअड्डा, महिला कॉलेज, मौलवीगंज, रकाबगंज चौराहा, नक्खास चौराहा, अकबरी गेट से चरक चौराहा, चौक चौराहा से कोनेश्वर चौराहा होते हुए घंटाघर चौक पर समाप्त हुआ।

 

लखनऊ लोकसभा सीट पर सबसे धनवान प्रत्याशियों में से एक पूनम

पूनम सिन्हा लखनऊ लोकसभा सीट पर अब तक हुए चुनावों में सबसे धनवान प्रत्याशियों में एक हैं। पूनम सिन्हा की चल और अचल सम्पत्ति करीब 81 करोड़ रुपए की है। पति शत्रुघ्न सिन्हा की सम्पत्ति मिला दें तो दोनों की सम्पत्ति करीब दो अरब (190 करोड़ रुपए) हो जाती है। सपा प्रत्याशी पूनम सिन्हा की ओर से दिए गए शपथ पत्र के अनुसार जुहू मुम्बई निवासी पूनम सिन्हा की केवल चल सम्पत्ति ही करीब 18.67 करोड़ रुपए की है। वहीं अगर खेत, प्लाट, मकान, फ्लैट की बात की जाए तो करीब 62.65 करोड़ की अचल सम्पत्ति पूनम के नाम है। 1.15 करोड़ के जेवर: करोड़ पति पूनम सिन्हा के शपथ पत्र के मुताबिक 1.15 करोड़ रुपए के जेवर व अन्य मूल्यवान वस्तुएं हैं। जबकि बैंक खातों में 10.68 करोड़ रुपए जमा हैं।

चार मकान भी हैं

पूनम सिन्हा के पास दिल्ली के हौज खास महरौली 3.9 एकड़ की खेती लायक जमीन है। जबकि पटना, गुडगांव, दिल्ली और जुहू मुम्बई में चार फ्लैट व प्लाट भी हैं। वहीं पति शत्रुघ्न सिन्हा के पास सात फ्लैट हैं। पूनम के पास गैर कृषि वाली जमीन भी बाजार भाव 50 करोड़ रुपए के करीब है।

लखनऊ की लड़ाई दिलचस्प, तीनों कैंडिडेट बाहरी

राजनाथ लखनऊ सीट से दोबारा चुनावी मैदान में उतरे हैं, राजनाथ सिंह मूलरुप से चंदौली के रहने वाले हैं।  सपा ने कायस्थ मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए पूनम सिन्हा पर दांव खेला है। पूनम सिन्हा बिहार की पटना की रहने वाली हैं वहीं कांग्रेस ने ब्राह्मण और मुस्लिम समीकरण के जरिए राजनाथ को मात देने के लिए आचार्य प्रमोद कृष्णम पर भरोसा जताया है।

सपा शत्रुघ्न सिन्हा के स्टारडम को कैश कराने के लिए उनकी पत्नी पूनम सिन्हा को उतारा है। पूनम सिन्हा के ऊपर सबसे बड़ी जिम्मेदारी लखनऊ के कायस्थ मतदाताओं के दिल जीतने की है, जो मौजूदा समय में बीजेपी के परंपरागत वोटर हैं।

साभार- कायस्थ खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *