(रिपोर्ट- अनुभव)
बारिश का इंतेजार कर रहे कसहा दियारा पंचायत के लोंगों के लिए मानसून मनहूस बनकर आया। मोकामा प्रखंड के मराँची थाना अंतर्गत कसहा दियारा पंचायत के डुमरा जनजीरा दियारा गांव में शनिवार को वज्रपात से एक लड़के की मौत हो गई ,जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। वज्रपात की चपेट में आने से चार मवेशी के भी मरने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह निषाद का पुत्र लीडर कुमार (20), बाला सिंह निषाद का पुत्र रामकुमार (17), सीताराम सिंह निषाद का पुत्र मनीष कुमार(12), अशोक सिंह निषाद का पुत्र राकेश कुमार(12) एवं भूषण सिंह निषाद का पुत्र डिंगर कुमार(12) गांव के बाहर मवेशी चरा रहे थे। दोपहर अचानक तेज बारिश होने पर बारिश से बचने के लिए वो सभी पास में ही बने एक मचान के नीचे छुप गए। तभी मचान के ऊपर ठनका गिरने से स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह निषाद के पुत्र लीडर कुमार (20) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसके अन्य चारों साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उनके परिजन इलाज के लिए बेगूसराय ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं वज्रपात से चार मवेशी के मरने की भी सूचना मिल रही है ।घटना सुनते ही मराँची थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस तरह हँसते खेलते बच्चों के अचानक प्राकृतिक आपदा के कारण हुई दुर्घटना पर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
