मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस: सीबीआई को मिली बड़ी कामयाबी, बच्चियों को नशे का इंजेक्शन देने वाला डॉक्टर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर बालिका गृह दुष्कर्म कांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को आज बड़ी कामयाबी मिली है. सीबीआई ने मंगलवार को बच्चियों को नशीला इंजेक्शन देने का आरोपित डॉक्टर अश्विनी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है. डॉक्टर अश्विनी कुमार को सीबीआई ने जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. अश्विनी कुमार पर बच्चियों को नशीला इंजेक्शन देने का आरोप लगा है.

इससे पहले मुजफ्फरपुर कांड में मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की करीबी सहयोगी मधु को सीबीआई के पेश हुई और कहा कि आश्रय गृह में जो कुछ हुआ, उसकी उसे जानकारी नहीं थी. मधु ने कहा कि न तो वह इस मामले में आरोपित है और न ही उसके खिलाफ वारंट जारी किया था. लेकिन, उसने सीबीआई अधिकारियों से मिलने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि जांचकर्ता कई बार उसके घर आये, जिससे उसके परिवार वालों को असुविधा हुई. वहीं, समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सीबीआई अधिकारियों ने कहा कि पूछताछ के दौरान उन्हें पता चला कि मधु बच्चों को सेक्स कैसे करते हैं, यह सिखाने में शामिल थी.

गौरतलब है कि मधु को पहले शाइस्ता के नाम से जाना जाता था. वह नगर के चतुर्भुज स्थान इलाके की निवासी थी और कुछ साल पहले ठाकुर के साथ संपर्क में आयी थी जब वहां रेड लाइट इलाके से छुड़ाई गई लड़कियों के पुनर्वास के लिए एक अभियान चलाया गया था. मीडिया की खबरों में दावा किया गया था कि वह ब्रजेश ठाकुर के स्वामित्व वाले सभी एनजीओ के कामों को देखती थी. इसमें ‘सेवा संकल्प एवं विकास समिति’ भी शामिल था जो आश्रय गृह चलाता था और जहां रहने वाली लड़कियों का यौन शोषण हुआ.