राज्य के कई इलाकों में पिछले चार दिनों से जारी भारी बर्फबारी के कारण देश के बाकी हिस्सों से कश्मीर का संपर्क टूट गया है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर पारा शून्य डिग्री से नीचे चला गया है जबकि गुलमर्ग प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। एक तरफ बर्फबारी और दूसरी तरफ पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के कुछ स्थानों पर भूस्खलन के चलते सड़क बंद हो गई है। ऐसे में श्रीनगर-जम्मू नैशनल हाईवे लगातार दूसरे दिन बंद रहा। साथ ही भारी बर्फबारी के कारण रश्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी विमानों का आवागमन बंद हो गया है।
इस मौसम में कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली 294 किलोमीटर लंबी सड़क को फिर से खोलने का प्रयास किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘अगर मौसम इसी तरह बना रहा तो हम दिन के उतरार्द्ध में सड़क को साफ और फंसे हुये वाहनों को निकालने में सफल हो सकते हैं।’’ पूरे कश्मीर में भारी बर्फबारी और कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण कल सड़क बंद हो गयी थी। बारिश कल रात से रुकी हुयी है। शहर की मुख्य सड़कों और अन्य अंतर-जिला मार्गों पर बर्फ हटाने में प्रशासन के असफल रहने के कारण घाटी में सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है।
शुक्रवार शाम स्थिति का जायजा लेते हुए जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बर्फ नहीं हटाये जाने पर नाराजगी जतायी और प्रशासन को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस बीच उत्तरी कश्मीर में स्थित गुलमर्ग, राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में घाटी में और अधिक बर्फबारी और बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।