कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश में गंदी और घिनौनी राजनीति कर रहे हैं और कांग्रेस अगले आम चुनावों में इस पार्टी को हराएगी। गांधी ने यहां ली जुआन येव विश्वविद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा हम शुरू से ही भाजपा और संघ से लड़ते आ रहे हैं और इस समय भारत में बहुत ही गंदी और घिनौनी राजनीति की जा रही है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की राजनीति के खिलाफ लड़ेगी और आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराएगी। हम भारत में इस तरह की विचारधारा को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे कि लोगों को सिर्फ इस बात के लिए परेशान किया जाएगा कि वे क्या खातें हैं, क्या पीते हैं, क्या कपड़े पहनतें हैं अथवा उनकी सोच क्या है। आप बहुत जल्द एक ऐसा भारत देखेंगे जहां हर किसी का सम्मान किया जाता है और सभी को साथ लेकर चला जाता है।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की कश्मीर नीति की आलोचना करते हुए गांधी ने कहा कि पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार ने वर्षों तक जो मेहनत की थी उसे मौजूदा सरकार ने नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा भाजपा की नीति को लेकर मुझे एक शिकायत यह है कि यह ज्यादा बयानबाजी करती है और रणनीति बनाने में गंभीर नहीं है। जब हम 2004 में सत्ता में आए थे तो हमें एक ऐसा कश्मीर दिया गया था जो जल रहा था, लोग मर रहे थे और चारों तरफ हिंसा तथा आंतकवाद का बोलबाला था। हमने एक योजना बनाई और इस पर नौ वर्षाें तक काम किया और यह योजना लोगों तक पहुंच बनाने की थी।
भाजपा की गंदी राजनीति के खिलाफ लड़ेंगे : राहुल गांधी
