बिहार से राज्यसभा की सभी छह सीटों के लिए अब अंतिम दिन 12 मार्च को ही नामांकन होंगे। इस बाबत पूछे जाने पर बिहार विधान सभा के सचिव तथा रास चुनाव प्रभारी आरएस राय ने कहा कि शुक्रवार तक एक भी नामांकन नहीं हुआ। इधर, उप चुनाव में जुटे रहने के कारण 5 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा भी राजनीतिक दलों द्वारा अभी तक नहीं की गई है। अकेले भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार घोषित किया है। जदयू, राजद और कांग्रेस की ओर से भी आधिकारिक रूप से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की गई है। उम्मीद की जा रही है कि शनिवार, रविवार तक सभी दल अपने प्रत्याशी तय लेंगे और सोमवार को इकट्ठे सभी छह सीटों के लिए नामांकन होंगे। गौरतलब है कि 5 मार्च को रास चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। 12 मार्च तक नामांकन, 13 मार्च को नामांकन की स्क्रूटिनी होगी और 15 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। अगर छह रिक्त सीटों पर छह से अधिक नामांकन होता है तो ऐसी स्थिति में 23 मार्च को मतदान होगा। बिहार से जिन छह सदस्यों का राज्यसभा में 2 अप्रैल को टर्म समाप्त हो रहा है उनमें बशिष्ठ नारायण सिंह, रविशंकर प्रसाद, डॉ. महेन्द्र प्रसाद, अनिल कुमार सहनी, धर्मेन्द्र प्रधान शामिल हैं। एक अन्य सदस्य अली अनवर की रास सदस्यता कुछ माह पूर्व समाप्त कर दी गई थी।
बिहार से राज्यसभा की सभी छह सीटों पर 12 को होगा नामांकन
