पाकिस्‍तान ने 151 भारतीय मछुआरों को रिहा किया

कराची। पाकिस्‍तान ने 151 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया है। यह मछुआरे कराची की जेल में बंद थे। अब यह मछुआरे वाघा बॉर्डर के रास्‍ते भारत लौटेंगे। इसके अलावा श्रीलंका ने भी 5 भारतीय मछुआरों को रिहा करने का एलान किया है।
गौरतलब है कि पाकिस्‍तान के इस कदम को नरेंद्र मोदी के शपथ-ग्रहण समारोह से पहले सकारात्मक संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ भी इस समारोह में शामिल होने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि भारत के विभिन्‍न राज्यों के रहने वाले इन मछुआरों को बस द्वारा कराची से लाहौर ले जाया जाएगा। उल्‍लेखनीय है कि पाकिस्‍तान पिछले साल अगस्‍त में 337 भारतीय मछुआरों को रिहा कर चुका है। उसने दीपावली के अवसर पर भी 15 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था।