पटना के रहनेवाले रजनीकांत मिश्रा होंगे बीएसएफ के नए प्रमुख

केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रजनीकांत मिश्रा को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का नया प्रमुख नियुक्त किया है. वह फिलहाल सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में डायरेक्टर जनरल के पद पर तैनात हैं. पटना के रहने वाले मिश्रा 1984 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार मिश्रा 31 अगस्त 2019 को सेवानिवृत्त होने तक बीएसएफ की अगुवाई करेंगे. बीएसएफ के निवर्तमान महानिदेशक के के शर्मा इस माह के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं. बताते चलें कि बीएसएफ के करीब दो लाख कर्मी हैं और यह बल पाकिस्तान एवं बांग्लादेश से लगने वाली भारतीय सीमाओं की रक्षा करता है. एसएसबी के करीब 90 हजार कर्मी है और यह बल नेपाल एवं बांग्लादेश से लगने वाली भारतीय सीमाओं की रक्षा करता है.