पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारें को लेकर शुक्रवार को मुलाकात की है। जिसके बाद राज्य में राजनीतिक दंगल शुरू हो गया है। सूत्रों के मुताबिक राज्य में जेडीयू और भाजपा ने बराबर-बराबर यानी 17-17 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। जबकि रामबिलास पासवान और उपेंद्र कुशवाहा को क्रमश: पांच और एक सीट देने की बात हुई है।
लेकिन सिर्फ एक सीट मिलने से उपेंद्र कुशवाह नाराज हो गए हैं। बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी आरएलएसपी से वर्तमान में भी तीन सांसद हैं। नाराज उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की है।
माना जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा अब आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं। कुशवाहा और तेजस्वी की यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। बता दें कि शुक्रवार को नीतीश कुमार ने अमित शाह से मुलाकात की है। बैठक में फैसला लिया गया है कि जेडीयू और भाजपा बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं अन्य सहयोगी दलों को भी सम्मानजनक सीटें मिलेंगी।
