दो दिनों से हो रही बारिश से कोसी और सीमांचल में नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा बढ़ा

पटना,-दो दिनों से हो रही बारिश से कोसी और सीमांचल में नदियां उफान पर हैं। कोसी, बकरा नदी, बागमती, महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का डर सताने लगा है। नेपाल के तराई क्षेत्र में बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर बढ़ा है। वहीं अररिया में परमान, बकरा और कनकई नदी उफान पर है। कटिहार में महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ा है तो खगड़िया में बागमती और गंडक के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। सुपौल में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से रविवार की देर रात अचानक कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि हो गयी है। इससे तटबंध के अंदर कई गांवों में पानी फैल गया है। तटबंध के अंदर बसे घोघररिया पंचायत के लक्ष्मीनिया, मेनहा, खोखनाहा, अमीन टोला, माना टोला और सिसौनी पंचायत के जौबहा, सिसौनी छींट, कचहरी टोला, खास टोल आदि गांवों में अचानक पानी घुस जाने से लोग परेशान हैं। लोगों का अपने घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नाव के सहारे ही एक दरवाजे से दूसरे दरवाजे पर लोग आ-जा रहे हैं। वहीं सहरसा में भी कोसी नदी का पानी बाहर फैलना शुरू हो गया है। खगड़िया में गोगरी प्रखंड होकर बहने वाली कोसी नदी के जलस्तर में 5 सेमी वृद्धि होने की खबर है। बागमती, गंगा, गंडक सहित अन्य नदियों का जलस्तर स्थिर है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता रामदुलार महतो ने बताया कि कोसी नदी के जलस्तर में प्रतिदिन उतार-चढ़ाव हो रहा है। चिंता की कोई बात नहीं है। नेपाल के तराई क्षेत्रों में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण अररिया में बकरा, भलुआ, बरजान, लवकटरिया, लोहंदरा आदि नदियां उफान पर हैं। कुर्साकांटा प्रखंड में कपरफोड़ा के निकट नदी में बना डायवर्सन बह गया है। इस कारण फॉरबिसगंज व कुर्साकांटा मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वहीं फारबिसगंज प्रखंड में लगातार बारिश से परमान नदी में उफान आने लगा है जबकि नरपतगंज प्रखंड में सुरसर और खरहा का जलस्तर भी बढ़ा है। किशनगंज जिले में बारिश के कारण कनकई नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। कटिहार में सोमवार को महानंदा नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इसके अलावा गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गयी है। हालांकि ये सभी नदियां फिलहाल खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। अभियंताओं की मानें तो फिलहाल नदियों के जलस्तर में घटना-बढ़ना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *