इंचियोन : निशानेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद रोअर दुष्यंत चौहान ने कांस्य पदक जीता जिससे भारत 17वें एशियाई खेलों के पांचवें दिन आज यहां केवल एक कांस्य पदक के साथ पदक तालिका पर 14वें पायदान पर खिसक गया। भारत के लिए आज का दिन मिलाजुला रहा और भारत की ओर से केवल दुष्यंत पदक हासिल कर पाए। उन्होंने पुरूषों के लाइट सिंगल स्क्ल्स में कांस्य पदक पर कब्जा किया। अब तक प्रतिदिन पदक प्राप्त कर रहे निशानेबाजों की झोली आज खाली रही जिससे भारत पदक तालिका में एक स्थान नीचे खिसक गया। पिछले तीन दिनों से भारत को पदक दिला रहे निशानेबाजों ने बुधवार को निराश किया. 50 मीटर राइफल प्रोन व्यक्तिगत स्पर्धा में राज चौधरी, लज्जा गोस्वामी और तेजस्विनी मुले पदक जीतने में सफल नहीं हो पाई.
आज केवल एक कांस्य पदक के साथ, भारत के पास एशियाई खेलों में अब कुल 12 पदक हो गए हैं जिसमें एक स्वर्ण, एक रजत और दस कांस्य पदक शामिल है। चीन 99 पदकों (50 स्वर्ण, 25 रजत, 24 कांस्य) के साथ शीर्ष पर है जबकि दक्षिण कोरिया 70 पदक (24 स्वर्ण, 23 रजत, 23 कांस्य) और जापान 64 पदकों (18 स्वर्ण, 23 रजत, 23 कांस्य) के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। बैडमिंटन और स्क्वाश टीमों के लिए भी आज का दिन अच्छा रहा लेकिन महिला हाकी टीम को चीन के हाथों 1-2 से हार झेलनी पड़ी।
