तेजस्वी का सूमो पर वार, कहा कभी भी देश छोड़ सकते है सुशील मोदी, जब्त हो पासपोर्ट

मुजफ्फरपुर- पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का पासपोर्ट जब्त हो। वे सृजन घोटाले में संलिप्त हैं, कभी भी परिवार समेत देश छोड़ सकते हैं। केंद्र सरकार लगातार घोटालेबाजों को देश से बाहर जाने का मौका दे रही। पहले विजय माल्या और अब हीरा कारोबारी नीरव मोदी को देश से भागने का मौका दिया। वे शुक्रवार को युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोहैब के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। वे कारी सोहैब के पिता कारी नसीम अहमद के निधन के बाद परिजन को सांत्वना देने पहुंचे थे। युवा राजद नेता ने कहा कि नीरव मोदी का मामला बीते वर्ष जुलाई में सामने आया था, दिसंबर में मामला सीबीआई को सौंपा गया। इसी बीच नीरव मोदी देश छोड़कर भाग गया। मामला सामने आने के बाद सरकार ने पासपोर्ट क्यों नहीं जब्त किया, भागने का मौका क्यों दिया? समय रहते यदि सुशील मोदी व उनके परिजन के पासपोर्ट जब्त नहीं किए गए तो वे भी फरार हो सकते हैं। घोटालामुक्त देश का दावा करनेवाली केंद्र सरकार व बिहार की डबल इंजन वाली सरकार में घोटाला दर घोटाला हो रहा, इसे देखनेवाला कोई नहीं। सरकार को सिर्फ एक ही परिवार दिख रहा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दलित परिवारों की जमीन हड़प ली। मामला उजागर होने के बाद भी उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। बिहार में सृजन, छात्रवृत्ति व शौचालय घोटाला समेत एक दर्जन घोटाले उजागर हुए, लेकिन इनमें संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की जगह उनको संरक्षण दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि संविधान न्याय यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है। जनता केंद्र में नरेंद्र मोदी व राज्य में नीतीश सरकार से मुक्ति चाहती है।
राजद नेताओं ने मुजफ्फरपुर पहुंचने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया। छात्र राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव चंदन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जीरोमाइल चौक पर स्वागत किया। इस दौरान छात्र राजद के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष दीपक ठाकुर के नेतृत्व में युवा राजद के कार्यकर्ताओं ने बनारस बैंक चौक पर तेजस्वी यादव का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *