पटना. दो महीने में पटना मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास हो जाएगा। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रदेश के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा को यह भरोसा दिया है। बुधवार को दिल्ली में बैठक के दौरान बिहार पुरी ने बताया कि पटना मेट्रो का डीपीआर राइट्स लिमिटेड द्वारा 15 जून को समर्पित किया जाएगा।
– पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि डीपीआर के आधार पर पटना मेट्रो रेल परियोजना को पीपीपी मोड अथवा 50:50 फीसदी अथवा 10 फीसदी केंद्रीय अनुदान के आधार पर क्रियान्वित करने का प्रस्ताव दें। शर्मा ने पटना मेट्रो रेल, स्मार्ट सिटी एवं नगर निकायों के क्रियाकलापों के बेस्ट प्रैक्टिसेज इन इंडिया विषय पर आयोजित बैठक के दौरान पुरी से मुलाकात की। शर्मा ने बिंदुवार तरीके से हर एक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
17 हजार करोड़ खर्च का अनुमान
– वर्ष 2031 तक पटना की अनुमानित आबादी 60 लाख हो जाएगी। इसका ध्यान रखते हुए मेट्रो का डीपीआर भारत सरकार की एजेंसी राइट्स ने तैयार की है। निर्माण कार्य में 17 हजार करोड़ की अनुमानित लागत आने की संभावना जतायी जा रही है।
शर्मा ने कहा- स्मार्ट सिटी में पूरे शहर का प्लान बनाए केंद्र
– केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बिहार के प्रथम चयनित स्मार्ट सिटी भागलपुर के कार्यों की समीक्षा के लिए 11-12 जून को केंद्रीय दल बिहार आएगा। डिफरेंट बेस्ट प्रैक्टिस इन यूएलबी के संबंध में मंत्री द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि इसकी सूची भ्रमण कार्यक्रम के साथ राज्य सरकार को 1 सप्ताह के अंदर भेजी जाएगी।
– शर्मा ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि स्मार्ट सिटी की परिकल्पना में पूरे शहर के क्षेत्रों का मास्टर प्लान पहले से निर्धारित हो ताकि योजनाबद्ध तरीके से पूरे शहर को स्मार्ट बनाया जा सके। नगर विकास एवं आवास विभाग के अलावा अन्य सभी विभागों का भी समावेश स्मार्ट सिटी बनाने के लिए जरूरी है। इसके लिए मास्टर प्लान का होना अतिआवश्यक है।
केंद्र सरकार का भरोसा, दो माह में शुरू हो जाएगा पटना मेट्रो का काम
