आईये आज हम आपको लिये चलते हैं दिल्ली के मंगल महादेव बिड़ला कानन मन्दिर।जब आप महिपालपुर से गुड़गांव की तरफ़ एन एच 8 से बढ़ते हैं तो वहाँ से 3 किलोमीटर की दूरी पर रंगपुरी , शिवाजी मार्ग में ठीक सड़क के बगल में विशाल मूर्तियों का यह मंदिर नजर आता है।
यह मंदिर भगवान शिव और अन्य देवी देवताओं के विशालकाय मूर्तियों के लिए प्रसिद्ध है। जो लगभग 200 एकड़ जमीन में बना हुआ है, जहां असीम शांति की अनुभूति होती है।
मंगल महादेव बिड़ला कानन मंदिर में भगवान शिव की विशाल मूर्ति है।
इसकी उँचाई लगभग 100 फीट से ऊपर है। इस मंदिर में भगवान शिव के अलावा माता पार्वती, कार्तिकेय, नंदी बैल, सीता राम, राधा कृष्ण और भगवान गणेश की मूर्ति भी है।

विशेषताएं
ये सभी मूर्तियां काफी विशाल और कांसे की बनी हुई है।
जिसके कारण मंदिर बहुत सुन्दर और अद्भूत लगता है।
मंदिर परिसर में सफाई का काफी ध्यान रखा जाता है।
मंदिर के दोनो तरफ बगीचे बने हुए है जिनके बीच में से मंदिर परिसर में जाने का रास्ता है।
मंदिर में बगीचे बहुत सुंदर और मनोहारी है।
मंदिर के आध्यात्मिक वातावरण में मन को असीम शांति मिलती है।
यहाँ पहुंचना बहुत आसान
यहाँ पहुंचना बहुत आसान है। गुड़गांव की तरफ जानेवाली हर बस इस मंदिर के बगल से गुजरती है। मंदिर के द्वार पर ही शिव मूर्ति नाम से बस स्टैंड है।
निकटतम मेट्रो एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन का एयरोसिटी है।जहाँ से आप ऑटो रिक्शा से मात्र 40 रुपये या बस द्वारा सिर्फ 5 रुपये में मन्दिर पँहुच सकते हैं।
निजी वाहन से जाने पर मन्दिर का अपना पार्किंग है जो पहले आधे घण्टे के लिए निःशुल्क है।अगले एक घण्टे के लिए चार चक्का 20 और दो चक्का 10 रुपये के शुल्क पर उपलब्ध है। तो फिर देर किस बात की उठिए और कल ही निकल पड़िये इस मंदिर को !



