मुख्यमंत्री के समक्ष पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतीकरण
पटना 26 जून 2019:- 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के समक्ष पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं का प्रस्तुतीकरण पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव श्री मनु भाई परमार ने दिया। डेवलपमेंट ऑफ ककोलत वाटर फॉल के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी, जिसमें साफ-सफाई, वाटर फॉल के नीचे के एरिया में कुछ निर्माण कार्य संबंधी बिंदुओं पर भी चर्चा की गयी। बैठक में राजगीर के सौंदर्यीकरण एवं उसे विकसित करने के संबंध में भी एक प्रस्तुतीकरण दिया गया। राजगीर में पुराने रोप-वे के समानांतर बनाए जाने वाले नए रोप-वे के बारे में भी जानकारी दी गयी।
बैठक के क्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ककोलत में वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारी, पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं इंजीनियर जाकर साइट विजिट करें इससे आंकलन में सुविधा होगी, जिसके आधार पर ककोलत वाटर फाॅल को बेहतर ढंग से विकसित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राजगीर ऐतिहासिक स्थल है। गृद्धकूट पर्वत पर भगवान बुद्ध सात वर्ष तक रहकर उपदेश दिए थे, वहां विश्व शांति स्तूप है, अशोकन पीलर भी है। बड़ी संख्या में पर्यटक यहाॅ आते हैं। यहां प्रकृति के अनुरुप ही निर्माण कार्य करना उचित होगा। पहाड़ के नीचे वाले हिस्से में सुविधाओं के दृष्टिकोण से आंकलन कर निर्माण कार्य करना होगा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री सुशील कुमार मोदी, पर्यटन मंत्री श्री कृष्ण कुमार ऋषि, मुख्यमंत्री के परामर्शी श्री अंजनी कुमार सिंह, मुख्य सचिव श्री दीपक कुमार, वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के प्रधान सचिव श्री मनु भाई परमार, बी0एस0ई0बी0 अध्यक्ष श्री आनंद किशोर, पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री आर0एन0 चोंग्थू, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव श्री चंद्रशेखर सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्री डी0के0 शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
’’’’’’