मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी ने सिनेमा व्यवसाय से नाता तोड़ लिया है | उन्होंने अपने तमाम मल्टीप्लेक्स दक्षिण भारत के कार्निवल समूह को बेच दिया है | इस सौदे से अनिल अंबानी को 700 करोड़ रुपये मिले हैं |
इस सौदे के साथ ही कार्निवल समूह देश का तीसरा सबसे बड़ा मल्टीप्लेक्स ऑपरेटर हो जाएगा | उसके पास देश भर में 300 स्क्रीन हो जाएंगे | रिलायंस ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि इस सौदे में आईमैक्स वडाला और कुछ अन्य प्रॉपर्टी शामिल नहीं हैं , जिनकी कीमत 200 करोड़ रुपये है | ये सभी सिनेमाघर रिलायंस मीडियावर्क्स के तहत हैं और ज्यादातर बिग सिनेमा के नाम से जाने जाते हैं | बिग सिनेमा के पास 250 स्क्रीन हैं | वह रिलायंस कैपिटल की सहयोगी कंपनी है | रिलायंस कैपिटल इस राशि से अपने कर्ज को घटाने की कोशिश कर रही है और वह धीरे-धीरे अपने मूल व्यवसाय पर केन्द्रित करना चाह रही है | इसी कड़ी में उसने यात्रा डॉट कॉम में भी अपनी 16 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी शुरू कर दी है |