
पटना। भाजपा के विधान पार्षद सत्येंद्र कुशवाहा की गुरुवार को अहले सुबह आईजीआईएमएस में मौत हो गई। बुधवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक सत्येंद्र कुशवाहा को ब्रेन स्ट्रोक हुआ जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ी। लगातार कोमा में रह रहे सत्येन्द्र कुशवाहा को बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें आइजीआइएमएस ले जाया गया था पर डाक्टरों के अथक प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अपने विधानपार्षद की मौत की सूचना पाते ही भाजपा नेता पहुंच चुके हैं। सत्येंद्र कुशवाहा की गिनती प्रदेश में बीजेपी के कद्दावर नेताओं के रूप में होती थी। विधान पार्षद होने के साथ-साथ वो उत्तर प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी भी थे। दिवंगत विधान पार्शद का शव राजकीय सम्मन के साथ पहले विधानमंडल और उसके बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय ले जाया जाएगा जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद आम लोगो के दर्शनार्थ शव को उनके आवास नारायण भवन, मंगल अखाडा, पटना साहिब में कुछ देर रखने के उपरांत दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। भाजपा सहित लगभग सभी दल के नेताओं ने सत्येन्द्र कुशवाहा के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट किया है। गौरतलब है कि बीते 19 नवम्बर को सत्येन्द्र कुशवाहा की माता शकुंतला देवी का भी निधन हो गया था तब भी सत्येन्द्र कुशवाहा काफी अस्वस्थ चल रहे थे।
